मंत्री के अनुज ने फीता काटकर किया फाइनल मैच का शुभारंभ
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के ग्राम लोधकियारी में 10 नवंबर को स्वर्गीय सतीश कुमार मांझी की पुण्य स्मृति में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल कप प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हो गया। फाइनल मुकाबले में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के अनुज सह झामुमो केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो मुख्य रूप से शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर चित्रगुप्त महतो ने फीता काटकर फाइनल मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने स्वर्गीय सतीश कुमार मांझी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा मैदान में उतरकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान झामुमो नेता महतो ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। कहा कि खेल से युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन गांव की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करते हैं। स्वर्गीय सतीश मांझी की स्मृति में इस तरह का आयोजन करना सराहनीय पहल है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं का विशेष लगाव है। ऐसे टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। कहा कि खेल के माध्यम से गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया जा सकता है। स्वर्गीय मांझी की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। समाज को भी ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करना चाहिए।
झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं होता, बल्कि सभी खिलाड़ी एकजुट होकर खेल भावना का परिचय देते हैं। कहा कि इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
वन बचाव समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि खेल और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही समाज के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
![]()













Leave a Reply