Advertisement

ललपनिया में आयोजित लुगुबुरु महोत्सव की उपायुक्त ने की विस्तृत समीक्षा

संथाल संस्कृति एवं परंपरा का महापर्व लुगुबुरु का आयोजन प्राथमिकता-उपायुक्त

पहाड़ पर विद्युत व्यवस्था एवं वन विभाग के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में ललपनिया में संथाल समाज के सर्वोच्च तीर्थ स्थल लुगबुरु घंटा बाड़ी (धोरमगाढ़) में आयोजित होने वाले आगामी वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय महासम्मेलन को लेकर जिला प्रशासन बोकारो पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों की समीक्षा हेतु 10 नवंबर को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस वर्ष महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं विश्व स्तरीय होनी चाहिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी, आयोजन समिति एवं अन्य हितधारक उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि लुगबुरु घंटा बाड़ी न केवल झारखंड बल्कि पूरे विश्व के संताल समुदाय की अगाध आस्था का केंद्र है। यहाँ भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल, भूटान सहित अन्य देशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। इस वैश्विक समागम को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और जन सुविधाओं को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

महोत्सव को आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक विरासत के अनुरूप भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जानकारी देते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाओं को ससमय पूरा करने में बोकारो जिला प्रशासन की पूरी तैयारी है। इस आयोजन को लेकर एक-एक बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श करते हुए श्रद्धालुओं को सभी फैसेलिटीज उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा कई दिशा-निर्देश दिए गये, जिसमें कहा गया कि पूरे मेला क्षेत्र, मुख्य धार्मिक स्थल और लुगु बाबा गुफा तक के पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। चप्पे-चप्पे पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी। देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए विशाल और व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाए जाएंगे। मुख्य मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए वन-वे रूट और सायनोश (दिशा-सूचक बोर्ड) लगाए जाएंगे।

कहा गया कि मेला क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस अस्थायी अस्पताल और 24×7 एम्बुलेंस (आइसीयू ऑन व्हील्स) की व्यवस्था रहेगी। पहाड़ी रास्तों पर क्विक रिस्पांस मेडिकल टीमें (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल के टैंकर और स्वचालित वॉटर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईको-फ्रेंडली मोबाइल टॉयलेट्स और लगातार फॉगिंग व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की जाएगी। कहा गया कि पूरे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त पावर बैकअप (जेनरेटर सेट्स) और पहाड़ी क्षेत्रों में रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था होगी। श्रद्धालुओं और मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए मोबाइल टावर और हाई-स्पीड वाई-फाई जोन स्थापित किए जाएंगे।

इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों के विश्राम के लिए वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा, जहाँ कम्युनिटी किचन (लंगर) के माध्यम से स्वच्छ भोजन की व्यवस्था होगी। उपायुक्त ने कहा कि यह आयोजन संथाल समाज की आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा आयोजन गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी आयोजन समिति की है तथा जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग, संसाधन एवं समन्वय उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने लुगु पहाड़ पर आवश्यक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग एवं आयोजन समिति के बीच समन्वय स्थापित करने को कहा। इसके लिए संबंधित टीमों के संपर्क नंबर साझा करने तथा स्थल पर संयुक्त निरीक्षण कर कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। वन विभाग से बांस का बेंच निर्माण, साफ-सफाई एवं अन्य कार्यों को भी निविदा एवं स्वीकृत दर के अनुरूप समय रहते शुरू करने को कहा। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

लुगु पहाड़ पर मंदिर तक जाने वाले रास्ते को प्राकृतिक चट्टानों के स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने का निर्देश दिया। कहा कि जहां रास्ता अधिक ढलान वाला या असमतल है, वहां आवश्यकतानुसार पत्थरों के माध्यम से चलने योग्य बनाया जाए। साथ ही रास्ते के किनारे झाड़ियों की कटाई, सफाई एवं आवश्यक स्थानों पर समतलीकरण कराया जाए।

जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी को सीता नाला के आसपास व्यापक साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा बैठने योग्य स्थान विकसित करने पर चर्चा की गयी। इसके अलावा चिन्हित स्थानों पर आवश्यक साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा। पूरे परिसर में वन विभाग को स्थानीय एवं प्राकृतिक स्वरूप को प्राथमिकता देते हुए बांस के डस्टबिन एवं बेंच लगाने का निर्देश दिया। पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए अपेक्षाकृत चौड़े बांस के बेंच लगाने को कहा। वहीं, सुरक्षा बलों के उपयोग के लिए 200 टॉर्च की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात भी कही।

बैठक में पिछले आयोजन के दौरान देर रात तक उत्पन्न यातायात जाम की समस्या पर विशेष चर्चा की गयी। उपायुक्त ने अस्थायी पार्किंग स्थल चिह्नित करने, वाहनों के सुव्यवस्थित ठहराव तथा आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने की दिशा में कार्य करने को कहा।

कार्यक्रम स्थल से आश्रम विद्यालय तक सड़क पर आवश्यकतानुसार डिवाइडर लगाने तथा भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। आयोजन समिति एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त स्थल निरीक्षण कर पार्किंग, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

महोत्सव में आगामी 24 नवंबर को राज्य के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मंच की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, साउंड सिस्टम, स्क्रीन डिस्प्ले एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को प्रशासनिक निगरानी में सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल से संबंधित किसी भी व्यवस्था में चूक नहीं होनी चाहिए। आयोजन समिति एवं प्रशासन की टीम आपसी समन्वय से कार्य करेगी।

उपायुक्त ने मंदिर दर्शन एवं पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा मंच के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए निर्धारित कतारों को इस प्रकार व्यवस्थित करने को कहा गया कि मंच तक आवागमन प्रभावित नहीं हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा। मौके पर अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, खेल पदाधिकारी हेमलता बून, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, आयोजन समिति के बबली सोरेन समेत समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *