अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में 10 जुलाई को प्रखंड बीस सूत्री कार्यान्वयन कार्य समिति की चौथी बैठक आयोजित की गई। बैठक में 20 सूत्री समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री अध्यक्ष आदित्य कुमार छोटू ने की, जबकि संचालन सोनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरोमा मोदी द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रखंड क्षेत्र की जन समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, स्वच्छता, पशुपालन, जीविका, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, मनरेगा, जनवितरण प्रणाली, विद्युत और आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक से शिक्षा, स्वास्थ्य व कुछ अन्य विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के नदारद रहने पर कड़ी नाराजगी जताई गई। समिति ने अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण माँगने का निर्देश दिया और कहा कि अगली बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि सभी योजनाओं को धरातल पर उतारकर सही ढंग से कार्य किया जाए, ताकि किसी भी आम रहिवासी को बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। सभी विकासात्मक कार्यों और जनसमस्याओं का समय पर निस्तारण किया जाए। यदि किसी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिली, तो संबंधित विभाग के दोषी कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य मुकेश सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र की लचर साफ-सफाई व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने समय-समय पर कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की आवश्यकता जताई। साथ ही, छत्रपति मार्ग से लकड़ी बाजार तक सड़क मरम्मत और नाले की उड़ाही (सफाई) की माँग की। सिंह ने राशन कार्ड से गरीब तबके का नाम काटे जाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इसकी जाँच कर सही लाभार्थियों का नाम दोबारा जोड़े जाएं। उन्होंने जनवितरण प्रणाली में हो रही अनियमितताओं को दूर कर गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने की माँग की। इसके अलावा पीएचईडी द्वारा खराब पड़े चापाकालों और नल-जल योजना को दुरुस्त करने तथा क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती व लो-हाई वोल्टेज की समस्या के तत्काल निदान की बात कही।
बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन 20 सूत्री उपाध्यक्ष चंदेश्वर भारती ने किया। इस अवसर पर अंचलाधिकारी राजकुमार, राजस्व अधिकारी संजीव कुमार, बीपीआरओ राजेश कुमार, एमओ सौम्या सिंह, सीडीपीओ श्वेता सिंह, पीएचईडी जेई अखिलेश, नगर सिटी मैनेजर बी.बी. भास्कर, आवास पर्यवेक्षक राकेश कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिनव यादव, 20 सूत्री सदस्य दीपक शर्मा, शशि भूषण सिंह, संजीत चौरसिया, शिवम कुमार, विमल चौरसिया सहित अन्य सदस्य व भाजपा के पदाधिकारी तथा कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply