प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता घटाने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील का स्वदेशी जागरण मंच ने स्वागत किया है।
अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रमुख सचिंद्र कुमार बरियार ने इसे राष्ट्रहित में ऐतिहासिक कदम बताते हुए 13 मई को कहा कि यह भारत को आर्थिक और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मंच लंबे समय से आयातित तेल और गैस पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता पर जोर देता रहा है। कहा कि अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा वैश्विक अस्थिरता को देखते हुए भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा में आत्मनिर्भर बनना बेहद जरूरी हो गया है।
बरियार ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम होने से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और वैश्विक आपूर्ति संकट की स्थिति में देश मजबूत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील से समाज में जागरूकता बढ़ेगी तथा वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत को पेट्रोलियम आधारित उत्पादों के विकल्प विकसित करने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारत को इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी, सौर उपकरण, पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में घरेलू निर्माण को बढ़ावा देना चाहिए। इससे चीन सहित अन्य देशों पर तकनीकी निर्भरता भी कम होगी। अंत में उन्होंने युवाओं, वैज्ञानिकों, स्टार्ट-अप्स और उद्यमियों से आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
![]()













Leave a Reply