रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगियारी में कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल को लेकर ग्रामीण एक बार फिर सड़क पर उतर आए। छाई ढुलाई कर रहे मालवाहक वाहनों से लगातार उड़ रही धूल के विरोध में 17 मई को ग्रामीण रहिवासियों ने बगियारी मोड़ पर सड़क जाम कर दिया।
बताया जाता है कि सड़क जाम के कारण बगियारी मोड़ के तीनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क पर धूल का गुबार उठ रहा है, जिससे रहिवासियों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले भी इसी मांग को लेकर सड़क जाम किया गया था। उस समय संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण कंपनी की ओर से सड़क पर नियमित पानी छिड़काव कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं किया गया है।
स्थानीय रहिवासियों ने कहा कि धूल के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित पानी छिड़काव और धूल नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply