Advertisement

लीला जानकी पब्लिक स्कूल में स्टेट टॉपर छोटी को किया गया सम्मानित

आईएएस बनना चाहती हूँ, ताकि अपने गांव व् समाज का नाम रोशन कर सकूं-छोटी

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित लीला जानकी पब्लिक स्कूल रघुनाथपुरम के प्रार्थना सभा में 8 मई को विद्यालय के निदेशक नीरज कुमार सिन्हा ने झारखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परिणाम में स्टेट टॉपर जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर गांव की छोटी कुमारी को फूलों का गुलदस्ता, लैपटॉप बैग एवं ₹11000 का चेक देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपस्थित लीला जानकी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्टेट टॉपर छोटी को तालियों के साथ अभिवादन किया। ज्ञात हो कि एक साधारण गरीब परिवार दिहाड़ी मजदूर भवानी शंकर नायक और गृहिणी माला देवी की पुत्री छोटी कुमारी ने कला संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए 478 अंक (95.6) प्रतिशत प्राप्त कर ना सिर्फ जिला बल्कि पूरे स्टेट में टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि पर घर-परिवार एवं पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। छोटी कसमार प्रखंड के हद में पीएमश्री क्षेत्रनाथ +2 हाई स्कूल हरनाद की छात्रा हैं।

मौके पर स्टेट टॉपर छोटी कुमारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कहा कि कठिनाइयां अगर हमारे जिंदगी में है, तो इग्नोर करके चलें। अपने लक्ष्य को लगातार मेहनत करके चले। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपना लक्ष्य को प्राप्त करें। छोटी ने बताया कि मैं आईएएस बनना चाहती हूँ, ताकि गांव और अपने समाज का नाम रोशन कर सकूं। छोटी ने बताया कि नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

लीला जानकी विद्यालय के निदेशक नीरज कुमार सिन्हा ने छोटी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए, उनके माता-पिता एवं विद्यालय के शिक्षक, प्रधानाध्यापक को बधाई दी। मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण सहित छात्र-छात्रा उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *