Advertisement

सोनपुर बनेगा नोएडा जैसी हाईटेक टाउनशिप, जमीन सर्वे से डरे नहीं-विधायक

दस्तावेज सुरक्षित हैं तो कोई जमीन नहीं छीन सकता, सरकार देगी मालिकाना हक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वे और टोपो लैंड को लेकर आम जनता के बीच फैले भ्रम व आशंकाओं पर सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है।

उन्होंने 22 मई को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाघ बच्चा बाबू के आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रहिवासियों से अपील की कि वे इस सर्वे से कत्तई भयभीत न हों।

​विधायक विनय कुमार सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि वर्ष 1898-99 और 1918 के बाद राज्य में यह अब तक का सबसे बड़ा भूमि सर्वे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतीत में बाढ़ या अन्य भौगोलिक कारणों से जो जमीनें दर्ज होने से छूट गई थी, अब उन्हें भी इस सर्वे के दायरे में लाकर प्रविष्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सर्वे टीम स्वयं हर घर पहुंचकर संबंधित दस्तावेज एकत्र करेगी। विभागीय मंत्री ने भी इस प्रक्रिया की शुचिता और पहुंच को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

​आमजनों को आश्वस्त करते हुए विधायक ने कहा कि आपके वैध दस्तावेज ही आपकी असली संपत्ति और पहचान हैं। यदि आपके पास प्रामाणिक कागजात हैं, तो कोई भी आपकी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं कर सकता। इसके उलट, जो गरीब लंबे समय से सरकारी भूमि पर बसे हुए हैं, उन्हें नियमानुसार मालिकाना हक देने की दिशा में सरकार सकारात्मक कदम उठा रही है। इस प्रक्रिया में यदि किसी को कोई समस्या आती है, तो वे चौबीसों घंटे जनता की सेवा के लिए उपलब्ध हैं।

​टोपो लैंड पर भ्रम फैला रहे विरोधी, जबरन नहीं होगी कोई कार्रवाई

सोनपुर ​क्षेत्र में चर्चा का विषय बने टोपो लैंड विवाद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद किसी भी रैयत की जमीन को जबरन टोपो लैंड घोषित नहीं किया जाएगा और न ही उस पर कोई अवैध कब्जा होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी रहिवासी के साथ इस प्रक्रिया में कोई विसंगति या अन्याय हो रहा है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्या का तत्काल विधिक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। ​विपक्ष द्वारा सरकार पर अदाणी समूह को अनुचित लाभ पहुँचाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने इसे विरोधियों का प्रोपेगंडा करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एकमात्र संकल्प बिहार को एक विकसित राज्य बनाना है।

इसी तर्ज पर उनका भी सपना सोनपुर का सर्वांगीण विकास करना है। कहा कि औद्योगिक क्रांति और रोजगार सृजन के लिए बड़े पैमाने पर निवेश अनिवार्य है। अदाणी जैसे बड़े औद्योगिक समूह ही इस निवेश को धरातल पर उतार सकते हैं। सोनपुर के भविष्य का खाका खींचते हुए विधायक सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने सोनपुर को विशेष प्राथमिकता दी है। राज्य कैबिनेट की हर बैठक में सोनपुर की ढांचागत परियोजनाओं को वरीयता मिल रही है। आने वाले समय में सोनपुर को पटना से सीधे जोड़कर नोएडा के तर्ज पर एक अत्याधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि सारण बिहार का एकमात्र ऐसा जिला है जहाँ दो महत्वपूर्ण टाउनशिप विकसित हो रही हैं, जिनमें से सोनपुर एक है। प्रेस वार्ता के दौरान बाघ वाले बच्चा बाबू के पुत्र सुरेश नारायण सिंह, भाजपा के नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह बबलू, संजीव कुमार सिंह सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *