Advertisement

बारह वर्षीय विशाल का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी

दीपावली के दिन से लापता बंद पड़ी एक फैक्ट्री के हौज से शव बरामद

संतोष कुमार/वैशाली (बिहार)। वैशाली जिला (Vaishali district) के हद में महुआ थाने के सिंह राय टांडा गांव के एक बारह वर्षीय बच्चे का शव 5 नवंबर को गांव से एक किलोमीटर (One Km) दूर एक बन्द पड़ी फैक्ट्री के हौज में पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक विशाल कुमार उक्त ग्राम के विमल राय का पुत्र था। क्षेत्र में जैसे ही घटना की सूचना फैलते ही काफी संख्या में रहिवासियों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना पाकर महुआ पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पहुंची। महुआ पुलिस ने सर्व प्रथम शव को कब्जे में ले लिया और घटना की गहन जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ।

मृतक विशाल के शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि पुरानी रंजिश में विशाल की निर्ममता पूर्वक हत्या कर शव को गांव से एक किलोमीटर दूर फेंक दिया गया। पुलिस जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी।

मालूम हो कि 12 वर्षीय विशाल बीते 4 नवंबर दीपावली के दोपहर बारह बजे से ही घर से लापता था। दूसरे दिन 5 नवंबर को जब एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों तक पहुंची तो परिजन भागे भागे घटनास्थल पर पहुंचे। जैसे ही नजर शव पर पड़ी बड़ा ही हृदय विदारक दृश्य उभर गया।

परिजन चीत्कार कर रोने लगे। परिजनों के अनुसार पुरानी रंजिश में किसी ने घटना को अंजाम दिया है। विदित है कि घटनास्थल से शव के पास से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। साथ ही गले पर भी कटे का निशान पाया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि चाकू से गोदकर मासूम विशाल की हत्या की गई हो।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *