Advertisement

एसडीपीओ ने की नक्सल कांडो के अनुसंधान की समीक्षा

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा तेनुघाट स्थित कार्यालय कक्ष में पूर्व में नक्सल प्रभावित थाना प्रभारियों के साथ लंबित सभी नक्सल कांडों के अनुसंधान की समीक्षा बैठक 16 मई को की गई।

समीक्षा बैठक में जेल में बंद दुर्दांत नक्सलियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्य संकलित कर अभियोजन पक्ष के माध्यम से न्यायालय में ससमय आरोप पत्र प्रस्तुत करने की ताकिद की गयी, ताकि दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सके। नक्सली हिंसा में मृतको के आश्रितों को देय मुआवजे के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश एसडीपीओ ने संबंधित थाना प्रभारी को दिया।

समीक्षा बैठक में पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को झारखंड सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाले सभी लाभ व मुआवजे का ससमय भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गयी। बैठक में पुलिस निरीक्षक गोमिया जितेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी जगेश्वर बिहार, थाना प्रभारी चतरोचट्टी, थाना प्रभारी ललपनिया एवं थाना प्रभारी पेंक-नारायणपुर सहित अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *