समिति की बैठक में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा समिति की एक आवश्यक बैठक पुरुबडीह रेंज कार्यालय में केंद्रीय कोषाध्यक्ष कार्तिक महता की उपस्थिति में 16 मई को आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2 जून को बोकारो जिला के हद में पेटरवार वन विभाग सभागार में पीसीसीएफ झारखंड की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले सेमिनार की तैयारी को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न समितियों की भागीदारी, वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया कि अधिक से अधिक वन एवं पर्यावरण सुरक्षा समितियों को कार्यक्रम से जोड़कर इसे सफल बनाया जाएगा।
केंद्रीय कोषाध्यक्ष कार्तिक महता ने कहा कि यह सेमिनार वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है। जंगलों की सुरक्षा, वन्य जीवों का संरक्षण एवं ग्रामीणों की भागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने सभी समितियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं, ताकि सरकार एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि जंगल और पर्यावरण केवल सरकारी विषय नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे मानव-हाथी संघर्ष, जंगलों की कटाई एवं पर्यावरण असंतुलन को रोकने के लिए जनजागरूकता जरूरी है। यह सेमिनार आमजनों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्य कर रही समितियों को एक मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में रहिवासियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समिति इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है तथा विभिन्न क्षेत्रों की समितियों से संपर्क किया जा रहा है। केंद्रीय सदस्य आनंद महतो ने कहा कि सेमिनार के माध्यम से वन सुरक्षा समितियों को नई दिशा मिलेगी। मोहम्मद सुलेमान अंसारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आने की आवश्यकता है। केंद्रीय सचिव शंकर विद्या सूत्री ने कहा कि कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में रामेश्वर महतो, दिवाकर पांडेय, सुनील महतो, झड़ी महतो, आदित्य महतो, चंद्रिका महतो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने सामूहिक रूप से सेमिनार को सफल बनाने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply