प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने 14 मई को प्रेस वार्ता कर चंद्रपुरा थाना क्षेत्रों में हुए चोरी की घटना का उद्भेदन का दावा किया है। मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सिंह ने बताया कि बीते 10 मई को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड गुरुद्वारा के सामने हाउस नं 492 में रात्रि 12 बजे से 2 बजे के बीच जीतेन्द्र कुमार चौधरी के घर गृहभेदन की घटना हुई, जिसमें गहने, मोबाइल फोन तथा लगभग 8-10 हजार रुपए नगद चोरी हुई थी। जिसके आधार पर चंद्रपुरा में थाना कांड क्रमांक 54/26 दर्ज किया गया। कहा कि इसके पूर्व थाना क्षेत्र के चर्च रोड स्थित घर में गृहभेदन की घटना घटित हुई थी। जिसके आलोक में थाना में कांड क्रमांक 53/26 दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त दोनों कांडों के उद्भेदन करने हेतु पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर एक एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर कांड में संलिप्त मुख्य आरोपी गोलू कुमार, विवेक रविदास उर्फ राहुल रविदास एवं रोहन कुमार को विधिवत गिरफ्तार किया गया। अग्रतर अनुसंधान में ज्ञात हुआ कि चंद्रपुरा स्थित चर्च रोड में हुई ज्वेलरी एवं नगदी की चोरी (कांड संख्या 53/2026) में भी इनकी संलिप्तता है। जिसमें चोरी हुई सोने एवं चांदी के सामानों के बारे में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा बताया गया कि उक्त सामानों को पेटरवार स्थित गणेश कुमार स्वर्णकार के पास बेचा गया है। जिसे छापामारी दल के द्वारा छापामारी कर अभियुक्त गणेश कुमार स्वर्णकार को गिरफ्तार किया गया एवं बेची गई सोना चांदी को बरामद किया गया।
बताया कि जप्त सामनों में 420 ग्राम चांदी (चार जोड़ा पायल, एक बिछिया, एक चेन आदि), 10 ग्राम सोना (गलाया हुआ अवस्था), आवेदक के घर से चोरी की गई ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, चार अन्य मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों में चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के बिरसा बस्ती रहिवासी शिवा गंझू का पुत्र गोलू कुमार, प्रेम नगर पहाड़ी रहिवासी शंकर रविदास का पुत्र विवेक रविदास उर्फ राहुल रविदास, स्वर्गीय गोपाल चौहान का पुत्र रोहन कुमार तथा पेटरवार थाना क्षेत्र के लुकैया रहिवासी सुरेंद्र स्वर्णकार का पुत्र गणेश कुमार स्वर्णकार उर्फ विजय शामिल है।
एसडीपीओ सिंह ने बताया कि आरोपी गोलू कुमार का आठ कांडों में अपराधिक इतिहास पाया गया है। कहा कि छापामारी दल में थाना प्रभारी चंद्रपुरा विक्रम कुमार, थाना प्रभारी दुग्दा मनीष कुमार, ओपी प्रभारी बोकारो झरिया श्रीनिवास कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार पासवान, पु. अ. नि. अमरजीत कुमार चंद्रपुरा थाना सहित सशस्त्र पुलिस बल, रक्षक राइडर दुग्दा, बोकारो झरिया तथा चंद्रपुरा संयुक्त बल शामिल थे।
![]()













Leave a Reply