Advertisement

रामदास सिंह विद्या मंदिर में बाल संसद एवं कन्या भारती द्वारा शपथ ग्रहण समारोह

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के सेंट्रल कॉलोनी मकोली स्थित रामदास सिंह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में 19 मई को बाल संसद एवं कन्याभारती का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष अखिलेश सिंह की उपस्थिति में चयनित बाल सांसद प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। बाल संसद में प्रधानमंत्री पद पर बहन अंजलि, उप प्रधानमंत्री पद पर भैया आकाश, मंत्री पद पर बहन आकृति एवं उप मंत्री पद पर बहन शिखा ने शपथ ली। सभी निर्वाचित भैया-बहनों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा छात्र हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, नेतृत्व एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश कुमार पाल ने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सहभागिता की भावना से संचालित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तर दायित्व की भावना विकसित होती है, जो उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव छेदी नोनिया, कोषाध्यक्ष मंगल देव सिंह, सक्रिय सदस्य अनिल मौर्य, संगीता बरनवाल सहित प्रधानाचार्य गणेश कुमार पाल, चुनाव प्रभारी आशीष कुमार गोस्वामी, विभा सिंह, प्रभा सिंह, सच्चिदानंद झा, पूजा कुमारी, दमयंती देवी, खुशबू कुमारी, गुड्डी कुमारी, सुनंदिनी कुमारी, प्रकाश महतो, देव कुमार, भगवान राय, रूपा कुमारी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *