माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में उल्लास के साथ मनाया गया मदर्स डे
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व मदर्स डे के अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर के बैजलपुर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में 9 मई को ममता और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
स्कूल के नन्हें कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों और माताओं के सम्मान में आयोजित इस भव्य समारोह ने उपस्थित हर एक इंसान को भाव विभोर कर दिया। इस खास मौके पर एक्साइज ऑफिसर कुमारी पल्लवी, डायरेक्टर संतोष कुमार चौहान और प्राचार्या शीलू सिन्हा ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मदर्स डे कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एक्साइज ऑफिसर कुमारी पल्लवी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि ’माँ’ केवल एक परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के संस्कारों की प्रथम पाठशाला होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है। उन्होंने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक युग में बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार चौहान ने माताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि सर्वतीर्थमयी माता अर्थात माँ में ही समस्त तीर्थ समाए हुए हैं। उनका सम्मान करना ही जीवन की सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है। प्राचार्या शीलू सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि बदलते समय में मां की जिम्मेदारियां बढ़ रही हैं, ऐसे में समाज को उनके प्रति और अधिक सम्मानजनक दृष्टिकोण रखना चाहिए। इस अवसर पर माताओं के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्रीति सिंह, अंजलि और स्वाति सहित कई प्रतिभागी विजेता बनीं। आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुति में छोटे बच्चों (लिटेरियन कलाकारों) ने अपनी कला के जरिए मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
विशेष रूप से आयोजित गेम्स में माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रीति सिंह, अंजलि कुमारी, स्वाति सिंह, रंभा सिंह, अंजलि चौहान, राधा कुमारी एवं गुड़िया कुमारी विजेता रही। कार्यक्रम का सफल संचालन वाइस प्रिंसिपल कोमली शर्मा और हर्ष कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ आशुतोष कुमार, राहुल सिंह, चिराग कुमार, अभिमन्यु सिंह, राजेश कुमार सिंह, जयंत कुमार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply