प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। दरभंगा जिला के हद में लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में 16 से 18 मई तक आहूत भाकपा माले के बिहार राज्य सम्मेलन की सफलता को लेकर समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर क्षेत्र में चलाया जा रहा माहव्यापी जनसंपर्क 15 मई को संपन्न हो गया।
अभियान के अंतिम दिन माले कार्यकर्ताओं ने ताजपुर बाजार एवं विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर रहिवासियों से सम्मेलन के खुले सत्र में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि राज्य सम्मेलन के खुले सत्र में भाग लेने के लिए 15 माज की शाम से चयनित प्रतिनिधि, प्रेक्षक, अतिथि एवं कार्यकर्ताओं का जत्था दरभंगा के लिए रवाना हो गया है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। माले नेता आसिफ होदा ने जानकारी देते हुए कहा कि सम्मेलन के खुले सत्र को भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों मसलन कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीआईपी, आईआईपी आदि के कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में राज्य की राजनीतिक, सामाजिक एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर सम्मेलन का निमंत्रण पत्र वितरित किया तथा आम जनों से सम्मेलन में शामिल होकर जन मुद्दों की आवाज को मजबूत करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान में ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, शाद तौहीदी, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, मो. रहमान, बस्साम तौहीदी, मुकेश कुमार गुप्ता आदि ने भाग लिया। एक अन्य जानकारी के अनुसार 15 मई की देर संध्या ताजपुर के गांधी चौक पर मोटर साइकिल गैरेज संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के चकमोतीपुर रहिवासी देवकी सहनी के 26 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में की जा रही है। भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस जघन्य हत्याकांड की निन्दा करते हुए हत्यारे की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक के परिवारजन को 10 लाख रुपए मुआवजा तथा समस्तीपुर जिले में बढ़ते हत्या-अपराध पर रोक लगाने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply