सोनपुर रेल मंडल के रेल कर्मियों और यात्रियों ने अपनाया सतत जीवनशैली का मार्ग
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने एक बड़ी पहल की है।
बताया जाता है कि मिशन लाइफ के तहत 15 मई को पूरे सोनपुर रेल मंडल में व्यापक स्तर पर शपथ ग्रहण और जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जानकारी के अनुसार सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन तांती सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने पर्यावरण की रक्षा के लिए संकल्प लिया। इसके साथ ही डेमू शेड और समादी प्रशिक्षण केंद्र में भी रेल कर्मियों ने पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपने दैनिक जीवन में उतारने की शपथ ली।
सात रेलवे स्टेशनों और आठ कॉलोनियों में पहुंचा अभियान
रेल महकमा के अनुसार जागरूकता का यह कारवां केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रहा। रेल मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों यथा सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही इन क्षेत्रों की आठ प्रमुख रेलवे कॉलोनियों में भी कर्मचारियों और उनके परिजनों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्लास्टिक को ना और कपड़े के थैलों को हाँ अभियान के दौरान रेल यात्रियों और रेल कर्मियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने की अपील की गई। उन्हें जूट या कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जागरूकता दल ने जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल देते हुए बताया कि आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधनों को बचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सोनपुर रेल मंडल द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान और पर्यावरण संरक्षण को जन भागीदारी से जोड़ा जा रहा है। कहा गया कि रेल प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी आमजन अपनी जिम्मेदारी को समझें और इसे एक जन-आंदोलन का रूप दें।
![]()













Leave a Reply