प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट कला संकाय परीक्षा परिणाम में कसमार प्रखंड की प्रतिभाशाली छात्रा छोटी कुमारी के राज्य टॉपर बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर 7 मई को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने छोटी को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के राजकीयकृत क्षेत्रनाथ प्लस टू उच्च विद्यालय हरनाद में आयोजित वार्षिक इंटरमीडिएट 2026 राज्य टॉपर सम्मान समारोह के अवसर पर बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा, बोकारो के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगन्नाथ लोहार, जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) अतुल चौबे, कसमार बीडीओ नम्रता जोशी, सीओ नरेंद्र कुमार सिंह, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

सभी ने छोटी कुमारी की सफलता को कसमार एवं बोकारो जिले के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि छोटी ने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है। कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
एसडीओ मुकेश मछुवा ने कहा कि छोटी कुमारी की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी छात्र राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। छोटी की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। डीईओ जगन्नाथ लोहार ने कहा कि यदि छात्र लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो सफलता अवश्य मिलती है। छोटी ने पूरे राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर टॉप करना आसान नहीं होता। छोटी की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी। समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने कहा कि इस क्षेत्र को मजदूर की बेटी ने राज्य में पहला स्थान लाकर जिला, प्रखंड और पंचायत का नाम रोशन किया है। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित मंत्री सहित गणमान्य जनों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा।
![]()













Leave a Reply