रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में वनों के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण जागरूकता को लेकर 14 मई को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जापान की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान वन संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए वन संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी अत्यंत जरूरी है। प्रतिनिधियों ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा, पौधारोपण, जल संरक्षण तथा स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।

वार्ता के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, विद्यालय स्तर पर पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा वन आधारित आजीविका को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को वन संपदा के महत्व से अवगत कराने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में विभिन्न गांवों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply