अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के रजिस्ट्री बाजार स्थित भाजपा कार्यालय में 9 मई को मेवाड़ के महान योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ के नेतृत्व में महाराणा प्रताप के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वरीय भाजपा नेता धनंजय सिंह ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 9 मई वर्ष 1540 को राजस्थान के कुंभलगढ़ में हुआ था।
सिसोदिया राजवंश के इस वीर शासक ने मुगल सम्राट अकबर की अधीनता स्वीकार करने के बजाय आजीवन संघर्ष का मार्ग चुना, जो आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ ने हल्दी घाटी के ऐतिहासिक युद्ध का स्मरण करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता के साथ-साथ उनके वफादार घोड़ा चेतक का बलिदान भी अतुलनीय है।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार घायल होने के बावजूद चेतक ने पहाड़ी नाला लांघकर महाराणा प्रताप की जान बचाई और स्वयं वीरगति को प्राप्त हुआ। साथ ही, उन्होंने दिवेर युद्ध का उल्लेख किया, जिसे कर्नल टॉड ने मेवाड़ का मैराथन कहा था।
इस गौरवमयी कार्यक्रम में सोनपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री महेश कुमार, मंडल उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह, राजेश सिंह सोलंकी, मुकेश सिंह चौहान, सूर्यप्रकाश सिंह मुन्ना, पुरुषोत्तम कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह उर्फ छोटे, राकेश सिंह, आदित्य पुष्प सहित कई कार्यकर्ता व गणमान्य शामिल रहे।
![]()













Leave a Reply