Advertisement

भगवान राम के आदर्शों को अपनाने से जीवन होता है सार्थक-ज्योति शास्त्री

दांतू महायज्ञ में संगीतमय रामकथा श्रवण कर भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू स्थित खेला चंडी मंदिर परिसर में आयोजित श्रीश्री 108 लक्ष्मीनारायण महायज्ञ सह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन बीते 10 मई की रात श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

बताया जाता है कि यहां बाबा नगरी देवघर से पहुंची मानस कोकिला एवं राष्ट्रीय कथा वाचिका देवी ज्योति शास्त्री ने संगीतमय रामचरित मानस कथा का वाचन कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने राम जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया। कथा वाचिका ने अपने मधुर भजनों और संगीतमय प्रस्तुति से देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर रखा।

अपने प्रवचन में ज्योति शास्त्री ने कहा कि रामचरित मानस केवल एक धार्मिक कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला ग्रंथ है। कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और चरित्र को यदि व्यक्ति अपने जीवन में उतार ले, तो उसका जीवन सफल और सार्थक बन सकता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान का नाम ही मनुष्य को भवसागर से पार लगाने का सबसे बड़ा सहारा है।

रामायण, महाभारत और अन्य धार्मिक ग्रंथों के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को भविष्य की चिंता में उलझने के बजाय वर्तमान को सकारात्मक भाव से जीना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान राम के चित्र की पूजा के साथ-साथ उनके आदर्शों और संस्कारों को अपनाने की अपील की। कहा कि सनातन संस्कृति विश्व की प्राचीन और महान परंपरा है तथा आने वाली पीढ़ी को इसके संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है।

मौके पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, सचिव नागेंद्र नायक, कोषाध्यक्ष मनोज नायक, संरक्षक डॉ विष्णु प्रसाद, चंद्रशेखर नायक, अबोध नायक, मुरलीधर नायक, पारस नायक, रमेश चंद्र दसौंधी, अजय नायक, चंदन कुमार, गंगासागर साव, बालेश्वर नायक, पवन कुमार, बासुदेव नायक, नरेश नायक, भुवनेश्वर नायक, देवेंद्र कुमार, गोपाल नायक, रमेश नायक, सुभाष पाल, भोला साव, राकेश नायक, कीर्तन नायक, आशीष कुमार, अमर नायक, शिवरतन नायक, मुकुंद दसौंधी, संतोष नायक, मिथिलेश नायक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं यज्ञ समिति के सदस्यगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *