Advertisement

संघर्ष, संकल्प व् सफलता की मिसाल बनी छोटी को पूर्व विधायक ने किया सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। इंटरमीडिएट कला संकाय में राज्य स्तर पर टॉप कर पूरे झारखंड का नाम रोशन करने वाली बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर की प्रतिभाशाली छात्रा छोटी कुमारी को सम्मानित करने का सिलसिला लगातार जारी है।

इस क्रम में 8 मई को गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो स्वयं छोटी के पैतृक आवास पहुंचे और उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ महतो ने छोटी की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य में प्रथम स्थान हासिल करना आसान कार्य नहीं है। यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार के संस्कार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छोटी ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकती।
उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज को नई दिशा देने का काम कर रही हैं। छोटी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की सफलता के पीछे माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की। छोटी ने पूरे बोकारो जिले के साथ-साथ कसमार प्रखंड का मान बढ़ाने का काम किया है। सरकार और समाज को ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करना चाहिए।

पुर्व विधायक द्वारा सम्मान पाकर छोटी एवं उनके परिजन काफी भावुक नजर आए। परिवार के सदस्यों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। छोटी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करना है। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों की भी काफी भीड़ लगी रही। सभी ने छोटी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *