Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस के तहत सोनपुर मंडल में व्यापक जागरूकता अभियान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत 16 मई को पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा यात्रियों के बीच पर्यावरण के प्रति चेतना बढ़ाना एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। ​अभियान के दौरान उपस्थित जनों को पुनर्चक्रण योग्य बोतलों, बैगों एवं कंटेनरों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक (एकल-उपयोग प्लास्टिक) के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही यात्रियों को रेल वन ऑनलाइन एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए डिजिटल टिकटिंग व पेपरलेस यात्रा अपनाने के लिए जागरूक किया गया, ताकि कागज की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

​इस अवसर पर विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में पोस्टर, बैनर तथा जनसंपर्क माध्यमों के जरिए स्वच्छता, हरित वातावरण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। साथ ही कर्मचारियों एवं यात्रियों से स्वच्छ, हरित एवं सतत पर्यावरण निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की गई। सोनपुर रेल मंडल पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *