Advertisement

केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा समिति की बैठक में 10 जून के कार्यशाला की तैयारी पर चर्चा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के खैराचातर में बीते 20 मई को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गंगाधर महतो ने की।

बैठक में आगामी 10 जून को वन सभागार पेटरवार में आयोजित होने वाली जेएफएमसी कार्यशाला की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यशाला को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की सभी समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा ग्रामीण सहभागिता को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जंगल और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जन जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है तथा गांव स्तर पर समितियों को और सक्रिय बनाया जाएगा। समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि जंगल और पर्यावरण की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। कहा कि जेएफएमसी कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीणों को वन संरक्षण, जल-संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी समितियों की एकजुटता से ही जंगल सुरक्षित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

बैठक में केंद्रीय सदस्य आनंद महतो, सुनील महतो, राजेश्वर महतो, गुमानजरा अध्यक्ष शंकर टुडू, रोडिया अध्यक्ष नंदलाल महतो, अड़साड़म अध्यक्ष धीरेंद्र महतो, चोड़ा अध्यक्ष दशरथ मांझी, हिस्सिम समिति के सदस्य दिलीप महतो, अर्जुन महतो, मदन महतो, दुर्गा चरण महतो, हरिराम मांझी, सोमला देवी, पार्वती देवी, कुंती देवी, ठाकुरदास महतो, खुदीबेरा अध्यक्ष जगदंबा महतो सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आगामी 10 जून की कार्यशाला को सफल बनाने हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *