Advertisement

अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 16 मई को जिला के हद में बेरमो अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं एवं अस्पताल प्रबंधन की समीक्षा उन्होंने की।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने ओपीडी, इमरजेंसी, रेडियोलॉजी, मेडिसिन स्टोर रूम, एमटीसी सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल के ओपीडी में पहुंचे मरीजों एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उपस्थित ऑपरेटर ने बताया कि निरीक्षण के समय तक 102 मरीजों ने इलाज के लिए पर्ची कटवाई थी। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, पंजीकरण व्यवस्था एवं उपचार प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मौके पर उपायुक्त ने ब्लड सैंपल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 12 सामान्य मरीजों एवं 8 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई है। निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, रेडियोलॉजी विभाग, मेडिसिन स्टोर रूम एवं एमटीसी (कुपोषण उपचार केंद्र) सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। अस्पताल प्रबंधन को नियमित मॉनिटरिंग एवं बेहतर व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में तैयार मॉड्यूलर ओटी रूम, प्री-ओटी एवं पोस्ट-ओटी कमरों का भी निरीक्षण किया। चिकित्सक डॉ अनीता मुर्मू ने बताया कि मॉड्यूलर ओटी लगभग तैयार है तथा केवल टावर एवं विद्युत कनेक्शन के बाद इसका संचालन शुरू किया जा सकता है। इस पर उपायुक्त ने मौके पर ही बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए 15 दिनों के भीतर मॉड्यूलर ओटी का संचालन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर शुरू होने से स्थानीय मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी।

उपायुक्त ने यहां स्थित मेडिसिन स्टोर रूम का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं रख-रखाव की जानकारी ली। इस दौरान एक्सपायरी दवाओं को अलग से चिन्हित करते हुए एसओपी अनुरूप डिस्पोजल का उन्होंने निर्देश दिया। कहा कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दवा प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा नियमित रूप से दवाओं की मॉनिटरिंग की जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में नवनिर्मित एसआरएल लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लैब में स्थापित किए जाने वाले उपकरणों एवं मशीनों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को मशीनों का अधिष्ठापन कर जल्द से जल्द लैब का संचालन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। साथ हीं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करें, ताकि आम जनों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

नगर परिषद तथा प्रखंड कार्यालय का डीसी द्वारा औचक निरीक्षण, लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई

एक अन्य जानकारी के अनुसार बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने फुसरो नगर परिषद एवं बेरमो प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था, साफ-सफाई और जनहित योजनाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए, वहीं बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण मांगने तथा अगले आदेश तक वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम, पार्क निर्माण कार्य और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मानसून को देखते हुए नालों की समय पर सफाई कराने, जल जमाव रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा खराब चापाकलों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

डीसी ने दामोदर नदी संरक्षण को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही अमृत -फॉरेस्ट हेरिटेज पार्क निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की नसीहत दी। डीसी के अचानक निरीक्षण से उपरोक्त दोनों कार्यालयों में हड़कंप का माहौल देखा गया और कर्मचारियों के बीच पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *