हर थाली में होगी बिहार की सब्जी-राम कृपाल यादव
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला परिसर में 25 नवंबर को बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के मंडप का विभागीय मंत्री राम कृपाल यादव ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शनी में सहकारिता से जुड़े स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस मौके पर मंत्री यादव ने कहा कि सोनपुर मेला कभी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध था। लोक संस्कृति के इस महाकुंभ में सहकारिता मंडप की स्थापना का उद्देश्य पवित्र है। उन्होंने कहा कि विभाग का मूल उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांव के स्तर से बेरोजगारी को दूर करना है। बिहार की 14 करोड़ आबादी के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026 लागू की गई है, जो युवाओं, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को रोजगार के नए अवसर देगी।
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपने और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में हर थाली में बिहार की सब्जी मिशन के तहत सभी 534 प्रखंडों में सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को संगठित किया गया है। कहा कि एक लाख 18 हजार से अधिक किसानों को बेहतर बाजार दिलाने के लिए 106 करोड़ रुपये से अधिक की योजना स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि बिहार के मधुबनी में नई चीनी मिल और दरभंगा में आदर्श शुगर कॉम्प्लेक्स से गन्ना किसानों की आय बढ़ेगी। रबी फसल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा लागू है। खरीफ में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय है और 48 घंटे के अंदर पीएफएमएस से भुगतान हो रहा है। राज्य के 7452 गोदामों से 19.95 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता तैयार हुई है। पैक्स अब कॉमन सर्विस सेंटर, जन औषधि केंद्र और खाद-बीज व्यवसाय से जुड़कर ग्रामीण विकास का केंद्र बन रहे हैं। भारत टैक्सी से जुड़े 5 हजार ड्राइवर अब खुद मालिक बन गए हैं।
मौके पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आज बिहार की लगभग डेढ़ करोड़ की आबादी समितियों के माध्यम से सहकारिता से जुड़ी है। अगले दो वर्षों में इसे दोगुना करना लक्ष्य है। मेले के स्टॉल इस बात का प्रमाण हैं कि समितियों के उत्पादों से आमजनों की आमदनी बढ़ रही है।
इस अवसर पर मंत्री ने सभी से मंडप का भ्रमण कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अपर निबंधक मनोज कुमार सिंह, रजनीश कुमार सिंह, निबंधक सहयोग समितियां के अभय कुमार सिंह, मंत्री के आप्त सचिव सत्येंद्र कुमार यादव, वैशाली डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष सुधीर रंजन प्रसाद एवं प्रबंधक अमृतांशा ओझा सहित कई अधिकारी एवं पैक्स अध्यक्ष उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply