Advertisement

डीपीएस के 16 बाल कलाकार संगीत प्रतियोगिता के लिए चयनित, शिक्षक सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। अंतर-प्रांतीय संगीत प्रतियोगिता 2026-27 में विद्यालय के 16 बाल कलाकारों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। किसी एक विद्यालय से सर्वाधिक विद्यार्थियों के चयन का गौरव भी डीपीएस बोकारो को मिला है।

जानकारी के अनुसार प्रयाग संगीत समिति प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से संबद्ध संस्था नादतालम् की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने परकशन, नन-परकशन और इंडियन क्लासिकल वोकल श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तबला वादन में कुमार आलेख, विवेक बहादुर, भाव्या बिष्ट, ऋषभ राज, मायोन शारव और रुद्र आनंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य विद्यार्थियों ने भी द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया। की-बोर्ड वादन और शास्त्रीय गायन में भी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।

विद्यालय के छात्रों के इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संगीत शिक्षक मयंक कुमार भक्ता को गुरु शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने सफल विद्यार्थियों और शिक्षक को बधाई देते हुए 25 नवंबर को कहा कि संगीत एवं कला विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चयनित विद्यार्थी आगामी मार्च में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *