अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में कृषि विभाग एवं उद्यान निदेशालय की प्रदर्शनी किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बागवानी पद्धतियों तथा विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक तरीके से खेती का व्यावहारिक प्रदर्शन कर किसानों को उपयोगी जानकारी दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार उक्त प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों एवं सब्जियों की खेती के लिए तैयार प्रदर्शन प्लॉट, व्यवस्थित क्यारियां, मल्चिंग तथा सिंचाई की आधुनिक व्यवस्था प्रदर्शित की गई है। इसके माध्यम से किसानों को कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने, वैज्ञानिक तरीके से फसल प्रबंधन करने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आयोजित प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को केवल कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें खेती की नई तकनीकों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना भी है, ताकि वे इन तकनीकों को अपने खेतों में अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें। मेले में आने वाले पर्यटक किसान प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। यह प्रदर्शनी किसानों के लिए ज्ञान, नवाचार और व्यावहारिक प्रशिक्षण का उपयोगी माध्यम बन रही है। कृषि विभाग एवं उद्यान निदेशालय की यह पहल किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
![]()













Leave a Reply