भारत सरकार के अपर सचिव ने लिया चिकित्सा शिविरों का जायजा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों, किसानों और पशु व्यापारियों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई है। इसी क्रम में 25 नवंबर को मेला में पशुपालन विभाग के मुख्य कार्यालय का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन सारण क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ कांता प्रसाद ने किया।
जानकारी के अनुसार उद्घाटन समारोह में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार दास, डॉ हिमांशु, डॉ दिलीप कुमार झा, डॉ शिवशंकर, डॉ संतोष कुमार, डॉ विकास सक्सेना, डॉ डिम्पी कुमार, डॉ कुमारी ज्योति, डॉ निक्कू, डॉ मुकेश, डॉ मनोज, डॉ आशुतोष, डॉ अनामिका, डॉ किसलय विकल्प कुमार, डॉ वर्मन सहित अन्य पशु चिकित्सक एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

इस दौरान भारत सरकार के डेयरी एवं पशुपालन विभाग के अपर सचिव रामाशंकर सिन्हा भी मुख्य पंडाल पहुंचे। उनके साथ निदेशालय पटना से डॉ दिनेश कुमार जौनपुरी तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी वैशाली डॉ रविशंकर विद्यार्थी उपस्थित रहे। बताया जाता है कि अपर सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों ने मेला परिसर में संचालित अस्थायी पशु चिकित्सा शिविरों, घोड़ा वार्ड और बकरी वार्ड का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधा, उपचार व्यवस्था और विभागीय तैयारियों का जायजा लिया गया। पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा पशुपालकों को सुलभ एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई।
मेला में पहुंचा 1113 घोड़ा, अबतक 194 की बिक्री
बताया जाता है कि हरिहर क्षेत्र मेले में विभिन्न प्रजातियों एवं नस्लों के पशुओं की उपस्थिति के साथ खरीद-बिक्री की गतिविधियां लगातार जारी हैं। पशुपालकों, किसानों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से पशु मेला गुलजार है। पशुपालन विभाग के बीते 24 नवंबर के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार मेले में कुल 1113 घोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई है। उक्त तिथि को 156 घोड़ों की बिक्री हुई, जबकि पिछले दिवस 38 घोड़ों की बिक्री हुई थी। इस प्रकार अब तक कुल 194 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है। घोड़ों की अधिकतम बिक्री कीमत 1,80,000 रुपये तथा न्यूनतम कीमत 25,000 रुपये दर्ज की गई है।
मेले में 12 फ्रिजियन, 2 गिर और एक साहिवाल नस्ल के पशु भी पहुंचे हैं। इसके अतिरिक्त देशी बछौर नस्ल के 6 बैल उपलब्ध हैं, जिनमें 4 की बिक्री हो चुकी है।भैंसों की श्रेणी में 4 देशी एवं अन्य नस्ल के पशु दर्ज किए गए हैं। बकरी एवं भेड़ की श्रेणी में कुल 216 पशुओं की उपस्थिति दर्ज की गई है। बीते 24 नवंबर को 72 पशुओं की बिक्री हुई, जबकि पिछले दिवस 19 पशुओं की बिक्री हुई थी। इस प्रकार अब तक कुल 91 बकरी एवं भेड़ की बिक्री दर्ज की गई है। इनकी अधिकतम कीमत 24,000 रुपये तथा न्यूनतम कीमत 3,500 रुपये रही।
पशु मेले में 115 कुत्तों की भी उपस्थिति दर्ज की गई है। विभिन्न प्रजातियों एवं नस्लों के पशुओं की उपस्थिति से मेला परिसर में पशु व्यापार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। पशुओं के स्वास्थ्य एवं उपचार के लिए विभाग की ओर से चिकित्सा व्यवस्था की गई है। प्रतिवेदन के अनुसार 24 नवंबर को 5 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि पिछले दिवस 24 पशुओं का उपचार हुआ था। इस प्रकार अब तक कुल 29 पशुओं का उपचार किया जा चुका है।

सोनपुर स्थित पशु चिकित्सा शिविर में भी नियमित रूप से पशुओं का उपचार किया जा रहा है। बीते 24 नवंबर को शिविर में 50 पशुओं का उपचार किया गया तथा पिछले दिवस 29 पशुओं का उपचार हुआ। इस प्रकार शिविर में अब तक कुल 79 पशुओं का उपचार किया जा चुका है। जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग की ओर से मेले में आने वाले पशुपालकों, किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा तथा पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अस्थायी पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से पशुओं को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक पशु व्यापार परंपरा, विविध पशु नस्लों की उपस्थिति, खरीद-बिक्री और समुचित चिकित्सा व्यवस्था के कारण आज भी देश के प्रमुख पशु मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।
![]()













Leave a Reply