रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय में 28 जुलाई को आयोजित हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 मामलों पर सुनवाई की गई।
जानकारी के अनुसार सुनवाई में आवेदकों ने भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और शिक्षा समेत अन्य जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। डीडीसी ने प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम रहिवासियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजनों को समय पर न्याय और राहत मिल सके। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीईओ प्रवीण रंजन, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply