Advertisement

खैराचातर में बजरंगबली पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में 28 जुलाई को विधि-विधान के साथ श्रीराम भक्त भगवान बजरंगबली की पूजा-अर्चना की गयी। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं द्वारा जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष से माहौल गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा भंडारे में सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के श्रद्धालुओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

मौके पर रहिवासी विष्णु जायसवाल ने कहा कि बजरंगबली की पूजा एवं भंडारा हमारी सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। अनीश जायसवाल ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक हैं। सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके लिए सभी श्रद्धालु बधाई के पात्र हैं। छोटू जायसवाल ने कहा कि भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति बजरंगबली के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाती है। भविष्य में भी इसी तरह के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति, आयोजन समिति एवं ग्रामीण रहिवासियों की सराहनीय भूमिका रही। अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *