सांसद प्रतिनिधियों के नेतृत्व में पीड़ितों ने सौंपा ज्ञापन, की जल्द समाधान की मांग
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास क्षेत्र में वर्षों से बिजली समस्या को लेकर स्थानीय रहिवासियों का आक्रोश सामने आया। क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि अमर स्वर्णकार एवं भाजपा नेता मुकेश राय के नेतृत्व में बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
सांसद प्रतिनिधि अमर स्वर्णकार, भाजपा नेता मुकेश राय एवं सांसद प्रतिनिधि अरबिंद कुमार के नेतृत्व में पहुंचे पीड़ितों ने विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था से अवगत कराया। आरोप लगाया गया कि बिजली विभाग के एसडीओ और जेई आमजनों के फोन तक नहीं उठाते, जिसके कारण शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पाता है।
रहिवासियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चास के कैलाश नगर एवं चीरा चास क्षेत्र में बिजली लाइन का केबल बदला गया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। लाइन को सही तरीके से नहीं जोड़े जाने के कारण कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा और उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रहिवासियों का कहना था कि विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें खुद निजी मिस्त्री बुलाकर बिजली लाइन जोड़ना पड़ा। इसे लेकर उनमें काफी नाराजगी देखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के एक्सिक्यूटिव इंजीनियर से मिलकर क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार लाने की मांग की। मामले को गंभीरता से सुनने के बाद विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की बिजली समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा तथा अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
![]()













Leave a Reply