Advertisement

चैंपियन बनी भारतीय डेफ क्रिकेट टीम को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। धनबाद जिला के हद में डिगवाडीह स्टेडियम में आयोजित डेफ क्रिकेट सीरीज़ के फाइनल मुकाबले में भारतीय डेफ क्रिकेट टीम ने नेपाल को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

इस शानदार जीत के बाद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने टीम के खिलाड़ियों और झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार बीते 7 मई को झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान पूरे माहौल में खुशी और गर्व साफ नजर आया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ भारतीय टीम की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व की बात है।

सीएम सोरेन ने खास तौर पर इस बात पर खुशी जताई कि भारतीय डेफ क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई और शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि झारखंड के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मौका और समर्थन मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। सीएम ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास का भी प्रतीक है। डेफ क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और जुनून से यह साबित कर दिया है कि किसी भी चुनौती के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।

सीएम हेमंत सोरेन ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलें।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

खिलाड़ियों ने भी इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजीत कुमार, डेफ क्रिकेट टीम के कप्तान सोनू सिंह, खिलाड़ी रुस्तम हुसैन, शोएब अख्तर, दीपक कुमार और अनुवादक रीमा साहु मौजूद थीं। सभी ने मुख्यमंत्री को टूर्नामेंट की जानकारी दी और जीत का अनुभव साझा किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *