Advertisement

गरीबों की थाली और जेब दोनों पर हमला कर रही केंद्र सरकार-दीपक कुमार विश्वकर्मा

ईंधन की कीमत वृद्धि, महंगाई व् राशन कार्ड रद्दीकरण पर झामुमो ने केंद्र सरकार को घेरा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कोडरमा नगर अध्यक्ष दीपक कुमार विश्वकर्मा ने देशभर में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों, महंगाई, कमजोर होती अर्थव्यवस्था एवं राशन कार्ड रद्द किए जाने के मुद्दे को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का सीधा असर देश के गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल और डीजल की कीमतें आमजनों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिससे खाद्य सामग्री, सब्जी, दाल, तेल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के कीमत आसमान छू रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है। छोटे व्यवसाय बंद हो रहे हैं और युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि गरीब और जरूरतमंद की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

झामुमो नेता विश्वकर्मा ने राशन कार्ड रद्द किए जाने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि हजारों गरीब परिवारों का राशन कार्ड रद्द कर उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना से वंचित किया जा रहा है। इससे गरीब परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार गरीबों के कल्याण की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं गरीबों का हक छीना जा रहा है।

झामुमो नेता विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, बेलगाम महंगाई, कमजोर अर्थव्यवस्था और राशन कार्ड रद्दीकरण से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। केंद्र सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा और गरीब विरोधी नीतियों पर रोक लगानी होगी। कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता की आवाज को लगातार उठाता रहेगा और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *