Advertisement

किसानों की समस्या को लेकर भाजपा का प्रखंड कार्यालय पर धरना

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एकदिवसीय धरना दिया गया।

झारखंड सरकार की कथित वादाखिलाफी और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी पेटरवार प्रखंड की ओर से 21 मई को प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पेटरवार मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर शर्मा ने किया। धरना प्रदर्शन में प्रभारी के रूप में प्रदेश महामंत्री ओबीसी मोर्चा ईश्वर चंद्र प्रजापति उपस्थित थे।

आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए। धरना के माध्यम से राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गयी। कार्यक्रम में शामिल वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। आरोप लगाया गया कि किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है तथा धान का समर्थन मूल्य भुगतान भी समय पर नहीं किया जा रहा है।

धरना को संबोधित करते हुए प्रभारी ईश्वर चंद्र प्रजापति ने कहा कि राज्य सरकार विकास, किसानों और युवाओं के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को धान पर 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी देने और महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। जिसके कारण किसान बिचौलियों को कम मूल्य पर धान बेचने को मजबूर है।वक्ताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाएं तथा कहा कि झारखंड में अपराध और असुरक्षा का माहौल बढ़ता जा रहा है।

वही वक्ताओं ने झारखंड की राजधानी रांची के होटवार जेल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब जेल के अंदर महिलाएं सुरक्षित नहीं है तो आम महिलाएं भी कितना सुरक्षित होगी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं राज्य में बालू, कोयला और लोहा की लूट मची हुई है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो को राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपते हुए किसानों की मांगों को शीघ्र लागू कराने की मांग की। मंच संचालन सचिन कुमार मिश्रा ने की।धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से बोकारो जिला महामंत्री संजय सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष अनिल स्वर्णकार, पूर्व जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष असित कुमार बनर्जी, रवि शंकर जायसवाल, पंकज कुमार सिन्हा, सूरजमल नायक, मुकेश ओझा, मनोज कुमार ठाकुर, मनोज यादव, गोरी लाल यादव, हरिदास महतो, लाल मोहन नायक, जुगल किशोर महतो, पिंटू महतो, विनय कुमार नायक, अमर ज्योति बनर्जी, चंद्र देव कुमार, सोहन करमाली, सचिन कुमार, पिंटू कुमार, शक्ति प्रसाद सहित काफी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *