क्षेत्र के 200 से अधिक लाभुकों को मिले कार्ड
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत अंतर्गत बैजलपुर स्थित जेआईआईटी परिसर में 17 मई को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पूर्व में आवेदन करने वाले 200 से अधिक लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। कार्ड पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
जानकारी के अनुसार इस जनहितकारी शिविर का आयोजन सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के सौजन्य से किया गया था। उक्त शिविर के संचालक शिक्षक सह समाजसेवी ई. प्रभात रंजन ने उपस्थित जनों को आयुष्मान भारत योजना के लाभ और उसके उपयोग के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क कार्ड आवेदन से लेकर वितरण तक की व्यवस्था करने के लिए आम जनता की ओर से सांसद रूडी का आभार जताया।
शिविर के दौरान भाजपा नेता बिनोद सम्राट ने वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से जुड़कर लाभुकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे रहिवासियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पा रही हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को पंजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, जिसके बाद कार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। स्थानीय ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सांसद और उनकी पूरी टीम के प्रति साधुवाद व्यक्त किया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में अपना सक्रिय सहयोग दिया।
![]()













Leave a Reply