सिवान (बिहार)। बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला है। इस सामाजिक कुरीति को केवल कानून बनाकर समाप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज में जागरूकता और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। यह बात जिला विधिक सेवा प्राधिकार (जीविसेप्रा) के पैनल अधिवक्ता डॉ. विजय कुमार पाण्डेय ने डॉन बॉस्को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैसाखी में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में कही।
कानून के बावजूद जारी है सामाजिक कुरीति
बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. पाण्डेय ने कहा कि बाल विवाह के कारण विशेषकर लड़कियों का शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास प्रभावित होता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता, समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार उनसे छिन जाता है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए सरकार ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 बनाया है, जिसमें दोषियों के लिए दंडात्मक प्रावधान हैं। इसके बावजूद सामाजिक जागरूकता की कमी के कारण यह कुरीति पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाई है।
बाल विवाह कराने वालों पर हो कठोर कार्रवाई
डॉ. पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि बाल विवाह में केवल अभिभावक ही नहीं, बल्कि संरक्षक, पुजारी, मित्र, रिश्तेदार, विवाह ब्यूरो और अन्य सुविधा उपलब्ध कराने वाले लोग भी जिम्मेदार हो सकते हैं। ऐसे सभी सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि बाल विवाह किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर अभियान चलाने की अपील की। कार्यक्रम में बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन दुनिया में होने वाले दुरुपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को सरल एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक राजू वैद्यन, प्राचार्य एवं पीएलवी अनिल कुमार वर्मा सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।
Tegs: #Awareness-and-law-necessary-to-curb-child-marriage
![]()













Leave a Reply