रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को जिला समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बेटियां केवल विवाह के लिए नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाने के लिए हैं। उन्हें शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के समान अवसर मिलने चाहिए। बाल विवाह रोकने के लिए सामाजिक सोच में बदलाव जरूरी है। डीडीसी ने बताया कि जिला के हद में गोमिया प्रखंड को वर्ष 2025 में बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा चुका है। अगले दो-तीन वर्षों में जिले के सभी नौ प्रखंडों को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बोकारो को देश का दूसरा बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनिता झा ने बताया कि वर्ष 2025 के अप्रैल माह से अब तक जिले में 38 बाल विवाह रुकवाए गए हैं। उन्होंने आमजनों से बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की।
![]()













Leave a Reply