Advertisement

पुलिस प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन से संवाद करना है-डीजी निगरानी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पर्यटन विभाग के मुख्य मंच पर 27 नवंबर को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) द्वारा आयोजित पुलिस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार, पूर्व डीजीपी आलोक राज, आयोजक एडीजी सीआईडी पारस नाथ, एडीजी ईओयू अमित जैन और एडीजी एससीआरबी अमिताभ कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मंच से संबोधित करते हुए महानिदेशक निगरानी जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि पुलिस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजनों से संवाद करना है। जन संवाद का इतना व्यवस्थित अवसर सामान्य रूप से नहीं मिलता। करीब 60-70 वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है कि पुलिस जनता के बीच अपनी बात रखती है, बताती है कि वह उनके लिए क्या कर रही है और सहयोग की अपेक्षा करती है।

सर्वप्रथम उन्होंने प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए एडीजी सीआईडी पारस नाथ, उनकी टीम तथा सभी प्रभागों को साधुवाद दी। कहा कि बिहार में पहली बार वर्ष 1958 में पटना के गांधी मैदान में अपराध निरोधक प्रदर्शनी हुई थी। उसे देखते हुए 10 वर्ष बाद 1968 में पहली बार पूरे देश में ऐसी प्रदर्शनी आयोजित की गई। बीच में कई वर्षों तक आयोजन नहीं हुआ, लेकिन पिछले 15-20 वर्षों से सोनपुर मेला में लगातार इसका आयोजन हो रहा है।

इसका उद्देश्य आमजनों को पुलिस की कार्यप्रणाली, तौर-तरीके, कानून और उपकरणों के बारे में बताना है। कहा गया कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस के भरोसे नहीं हो सकता, इसमें आमजन की भागीदारी जरूरी है। यह प्रदर्शनी जीवन, सुरक्षा और सहूलियत से जुड़ी है। इसमें आग से बचाव, भूकंप, दुर्घटना, साइबर ठगी से बचाव और महिलाओं के विरुद्ध अपराध की धाराओं की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बदलते समय में अपराध का तरीका भी बदला है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया धोखाधड़ी से निपटने के लिए साइबर इकाई काम कर रही है। साइबर ठगी होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज करें। जल्दी शिकायत से राशि होल्ड कराकर रिफंड कराने में मदद मिलती है।

कहा कि ईओयू वित्तीय धोखाधड़ी और संगठित आर्थिक अपराधों पर कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 में 19 मामले दर्ज हुए और 32 प्रस्ताव विशेष न्यायालय को भेजे गए। ईओयू में संगठित अपराध, बौद्धिक संपदा और आर्थिक अपराध रिकॉर्ड शाखा शुरू की गई है। कहा कि सीआईडी वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक और डिजिटल साक्ष्य से मामलों की तह तक पहुंच रही है। वर्ष 2025 में 3 लाख 72 हजार कांड दैनिकी अपलोड हुई थी, जबकि 2026 में 10 माह में 14 लाख 75 हजार से अधिक अपलोड हो चुकी है। चार्जशीट में भी लगभग दो गुना वृद्धि हुई है। डॉग स्क्वायड सभी जिलों में जांच, विस्फोटक खोज और वीवीआईपी सुरक्षा में मदद कर रहा है. डायल-112 और रेल मदद पोर्टल से यात्रियों को तुरंत सहायता मिल रही है।

निगरानी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय पुराने सचिवालय के पास सुलभ स्थान पर है। भ्रष्टाचार की शिकायत पर लगातार कार्रवाई हो रही है। मंच पर आते समय ही उन्हें सूचना मिली कि एक सचिवालय कर्मी को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। यह पिछले 25 वर्षों का रिकॉर्ड है। जन विश्वास के बिना यह संभव नहीं था। अंत में उन्होंने पुलिसकर्मियों को पु, लि, स का संदेश दिया। पु से पुरुषार्थी – बलशाली, कानून से लैस और अनुशासित बनें। लि से लिप्सा रहित – लोभ, लालच और भ्रष्टाचार से दूर रहें तथा स से सेवा, सहयोगी और समर्पण। यही असली पुलिसकर्मी की पहचान है। इस अवसर पर हथियारों की प्रदर्शनी की गयी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *