बोकारो में खुलेगी यूनिवर्सिटी, एआई की पढ़ाई से खुलेंगे तरक्की के नए रास्ते
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आने जा रहा है। राज्य के युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीप टेक्नोलॉजी और अन्य आधुनिक तकनीकी विषयों की उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी अपना नया परिसर स्थापित करने जा रही है। इसे लेकर परियोजना से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी गई हैं और आगामी जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में विश्वविद्यालय के नए परिसर का भूमि पूजन प्रस्तावित है।
क्षेत्र के शिक्षाविदों और स्थानीय रहिवासियों के बीच इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी पहले से ही देश के अन्य हिस्सों में अपनी मजबूत शैक्षणिक गुणवत्ता और आधुनिक पाठ्यक्रमों के लिए जानी जाती है। खास बात यह है कि इस संस्थान में देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान का झारखंड में आना राज्य के शैक्षणिक परिदृश्य को एक नई पहचान और दिशा देगा। इससे छात्रों और स्थानीय क्षेत्र को कई बड़े लाभ होंगे।
झारखंड में तकनीकी और आधुनिक विषयों की पढ़ाई राज्य में ही उपलब्ध होने से छात्रों का दूसरे राज्यों की ओर होने वाला पलायन कम होगा और अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ घटेगा। साथ हीं कसमार जैसे क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना से न केवल शैक्षणिक माहौल बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और बुनियादी ढांचे का विकास होगा। इस पहल को झारखंड में उच्च शिक्षा के विस्तार और राज्य को तकनीकी शिक्षा का केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है।
![]()













Leave a Reply