Advertisement

गोमो स्टेशन पर टीटीई की तत्परता से दृष्टिबाधित यात्री को मिला सहायता

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद रेल मंडल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो स्टेशन पर कार्यरत टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) की सक्रियता से 15 मई को समय रहते दृष्टिबाधित यात्री को सहयोग मिल पाया।

जानकारी देते हुए धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) अभिनव कुमार आनंद एवं विवेक कुमार रवि ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक दृष्टिबाधित यात्री की सहायता कर सराहनीय कार्य किया। उन्होंने बताया कि उक्त रेल यात्री एक आंख से पूर्णतः दृष्टिहीन हैं तथा दूसरी आंख से भी उन्हें स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता। उचित जानकारी के अभाव में उन्हें गया से हावड़ा जाने वाली ट्रेन में यात्रा करनी थी, लेकिन वे गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गए। यात्रा के दौरान सहयात्रियों द्वारा जानकारी दिए जाने पर वे नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो स्टेशन पर उतर गए।

बताया कि गोमो स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात टीटीई अभिनव कुमार आनंद एवं विवेक कुमार रवि ने यात्री की स्थिति को समझते हुए उन्हें सही जानकारी प्रदान की तथा सुरक्षित रूप से उचित प्लेटफॉर्म तक पहुंचाकर गाड़ी संख्या 13504 हटिया-वर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस में बैठने में सहायता की।
कहा कि धनबाद रेल प्रशासन द्वारा दोनों कर्मचारियों के इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई। यह घटना भारतीय रेल की यात्री सेवा एवं संवेदनशील कार्य संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *