Advertisement

झारखंड धाम पहुंचे जोड़ियों को पुलिस ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत बारातियों समेत खदेड़ा

जगत प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। वैवाहिक शुभ मुहूर्त में 27 अप्रैल को हजारीबाग के झारखंडधाम शादी के लिए पहुंचे दर्जनों जोड़े को सात फेरे के पहले पुलिस के फेरे पड़ गए। कोविड 19 के प्रोटोकॉल के तहत मन्दिर श्रद्धालुओं के लिए बन्द है। तब भी कतिपय लोग मन्दिर परिसर के बाहर विवाह की रस्म पूरी कर देवाधिदेव महादेव को बाहर से ही प्रणाम कर लेते हैं।
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को यहां कुछ ज्यादा ही भीड़ उमड़ पड़ी। झारखंडधाम में शादी विवाह के लिए लोग सुबह से ही जुटने लगे। देखते देखते हुजूम उमड़ पड़ा और बजरंगबली एवं विवाह भवन के आसपास का खाली क्षेत्र खचाखच भर गया। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी राधेश्याम पांडेय मातहत हसनैन अंसारी पुलिस बल के जवानों के साथ झारखंड धाम पहुँचे। चंद पुलिस और भीड़ पाँच हज़ार। थाना प्रभारी के अगुवाई में पुलिस बल के जवानों ने चिलचिलाती धूप के बावजूद घूम घूम कर विवाह कराने वालों को खदेड़ा।
इस बाबत हीरोडीह थाना प्रभारी राधेश्याम पांडेय ने बताया कि झारखंड धाम में किसी भी कीमत पर भीड़ जमा नही होने दिया जाएगा। कोई नियम का उल्लंघन करता है तो एफआईआर करने से नही हिचकेंगे। झारखंड धाम के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के जवानों की ज़रूरत को देखते हुए इसकी मांग उन्होंने वरीय अधिकारियों से की है। इसके बाद भीड़ लगाकर शादी करनेवालो या उच्च डेसिबल में गाना बजाने, अश्लील गाना बजाने वाले डीजे संचालकों पर कार्रवाई की जायेगी। झारखंड धाम में पुलिस के डंडे के डर से कई जोड़ें चुपचाप खिसक गए। कुछ जोड़े रस्म पूरी करने तक मोहलत के लिए आरजू विनती करते देखे गए। कई जोड़े मास्क लगाकर सात फ़ेरे लगाते देखे गये।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *