विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के तुलबुल पंचायत में मिशन परिधान के तहत 16 अगस्त को बिरहोर डेरा में वस्त्र वितरण किया गया। स्थानीय रहिवासियों ने वस्त्र वितरण पर हर्ष व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के बिरहोर डेरा में हेल्पिंग इंडिया फीडिंग इंडिया (एचआईएफएआई) की ओर से मिशन परिधान के तहत वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सामाजिक पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक वस्त्र पहुंचाना और उनके साथ खुशियां साझा करना था।
बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान बिरहोर डेरा में रहने वाले बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों को उनकी आवश्यकता के अनुसार वस्त्र वितरित किए गए। वस्त्र पाकर रहिवासियों के चेहरे पर हर्ष देखने को मिली। संस्था के सदस्यों ने बिरहोर परिवारों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को भी जाना और भविष्य में जरूरत के अनुसार सहयोग करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में बच्चों के बीच बिस्किट एवं चॉकलेट का भी वितरण किया गया। चॉकलेट और बिस्किट पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों के साथ संस्था के सदस्यों ने समय बिताया और उनके बीच खुशियां बांटी। इस अवसर पर एचआईएफएआई के सदस्यों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को सामग्री उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के साथ जुड़कर उन्हें अपनापन और सहयोग का एहसास कराना भी है। कहा गया कि मिशन परिधान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र उपलब्ध कराने का प्रयास इसी सामाजिक जिम्मेदारी की एक कड़ी है।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्य सुनीता कुमारी, सूरज अग्रवाल, रोमा अग्रवाल, धीरज प्रजापति, प्रिंस प्रजापति सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने सामूहिक रूप से वस्त्र एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया और स्थानीय रहिवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया।
स्थानीय रहिवासियों ने हेल्पिंग इंडिया फीडिंग इंडिया (एचआईएफएआई) की इस पहल की सराहना की। एचआईएफएआई सदस्यों ने कहा कि संस्था आगे भी समाज के जरूरतमंदो तक पहुंचकर अन्नदान, वस्त्रदान एवं अन्य सेवा कार्यों के माध्यम से सहयोग जारी रखेगी।
![]()













Leave a Reply