एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीते 15 अगस्त को बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित यूनियन कार्यालय तथा असनापानी स्थित विद्यालय परिसर में भी आन-बान और शान से तिरंगा झंडा फहराया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जबकि, मुख्य आकर्षण तिरंगा थामे भारत माता का प्रतीक बनी बच्ची रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेरमो प्रखंड के हद में जारंगडीह मुख्य चौक के समीप स्थित इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ कथारा क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में यूनियन के सीसीएल रीजनल तथा कथारा क्षेत्रीय सचिव वरुण कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर यहां सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। मौके पर श्रमिक नेता वरुण सिंह ने कहा कि तिरंगा हम सभी देशवासियों के आन-बान और शान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य हमें अपने शहीदों के बलिदानों को याद करने, देश के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करना है। कहा कि देश में भ्रष्टाचार एक गंभीर चुनौती बन गयी है। यह एक प्रकार का देशद्रोह है। इससे निपटने के लिए सभी को जागरूक होने की जरूरत है।
मौके पर यहां यूनियन नेता वकील अंसारी, अशोक ओझा, ईश्वर मंडल, योगेंद्र सोनार, अनिल शर्मा, रिंटू सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में श्रमिक व् स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।
इस अवसर पर गोमिया प्रखंड के हद में रेलवे कॉलोनी असनापानी स्थित सीसीएल अनुदानित प्राथमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी परिसर में कथारा कोल वाशरी के परियोजना पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराया तथा तिरंगा झंडा को सलामी दी। मौके पर उपस्थित नन्हें नन्हें स्कूली बच्चों सहित पंचायत की मुखिया, पंसस, वार्ड सदस्य, प्रधानाध्यापिका, शिक्षक, शिक्षिका, सीसीएल अधिकारीगण व् रहिवासियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत गाया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीओ अमरेंद्र कुमार ने कहा कि यह दिवस हमें अपने देश की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए पूर्वजों की याद दिलाता है। इसी दिन सन् 1947 को अंग्रेजो से हमारे देश को आजादी मिली थी, जिसे पाने के लिए अनगिनत देश भक्तों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिया था। उन्हें याद करने और देश हित में कार्य करने के लिए संकल्प लेने के लिए प्रतिवर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।
मौके पर कथारा पंचायत की मुखिया पुनम देवी, पंचायत समिति सदस्य निभा देवी, वार्ड सदस्य, प्रधानाध्यापिका सरोज देवी, शिक्षक रामजी प्रसाद, शिक्षिका प्रियंबदा कुमारी, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष अनिल चौधरी, समाजसेवी डॉ सर्जन चौधरी सहित बड़ी संख्या में आसपास के रहिवासी व् स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
बताया जाता है कि इस अवसर पर बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित गीतों पर आकर्षक सामूहिक भाव नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि बच्चों ने लगभग आधा घंटा तक अनवरत राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को मंत्र मुग्ध कर दिया। जबकि, सबसे आकर्षण का केंद्र यहां स्थानीय एक बच्ची द्वारा भारत माता का प्रतीक रहा, जहां पीओ, सीसीएल अधिकारी व् अन्य ने खड़े होकर फोटो खिंचवाये।
![]()













Leave a Reply