एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) झारखंड राज्य परिषद द्वारा 16 अगस्त को झारखंड की राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित कार्यालय परिसर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में बैठक करने तथा जेपीएससी घोटाले की जांच हाईकोर्ट के जजों की कमेटी से कराने की मांग की गयी।
जानकारी के अनुसार भाकपा राज्य परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी के राज्य कार्यालय अल्बर्ट एक्का चौक रांची में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाकपा राज्य परिषद सदस्य कॉमरेड जैनेन्द्र कुमार ‘तथागत’ ने की। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा झारखंड राज्य सचिव कॉमरेड महेंद्र पाठक ने कहा कि जेपीएससी घोटाले पर जांच की मांग की तथा छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सीबीआई और सीआईडी की जांच पर छात्रों को भरोसा नहीं है। इसलिए झारखंड सरकार अविलंब हाईकोर्ट के कार्यरत जजों की कमेटी बनाकर जेपीएससी घोटाले की न्यायिक जांच कराए। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। दोषियों को सजा मिलेगी।
कॉ पाठक ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी झारखंड केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (एमएमडीआर) संशोधन विधेयक 2026 का कड़ा विरोध करता है। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर कॉरपोरेट घरानों के हितों को प्राथमिकता देना राज्य की जनता, मजदूरों और आदिवासी समुदायों के हितों के खिलाफ है। कहा कि खनिज संपदा पर पहला अधिकार यहां के रहिवासियों और राज्य का होना चाहिए। कहा कि झारखंड की जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा को कॉरपोरेट लूट का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त से भाकपा झारखंड के नेतृत्व में एमएमडीआर के विरोध में राज्यभर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी ने तमाम मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं और आम रहिवासियों से इस विरोध में शामिल होने की अपील करती है।
बैठक में यह भी कहा गया कि भाकपा झारखंड राज्य परिषद छात्र आंदोलन के साथ है और छात्रों की जायज मांगों का समर्थन करती है। बैठक के बाद उक्त जानकारी आयोजित प्रेस वार्ता में उपस्थित भाकपा प्रदेश सचिव कॉ महेंद्र पाठक ने दी। मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कॉ पी.के. पांडेय, प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ रनेंद्र कुमार, राज्य कार्यकारिणी सदस्य कॉ ए.के. रसीदी, अधिवक्ता अनिरुद्ध कुमार, अजय कुमार सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार फैसल अनुराग, वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार, ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के सचिव विक्रम सिंह, राज्य कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार रजक, किसान सभा के ईसाक अंसारी, आदिवासी महासभा के छुमु उरांव सहित कई अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply