शिक्षा से जुड़ेगा चंदनकियारी क्षेत्र का हर बच्चा-उमाकांत रजक
चंदनकियारी प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक ने किया साइकिल वितरण
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित उन्नति का पहिया योजना के अंतर्गत 28 जुलाई को बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड कार्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने लाभार्थी विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।
इस अवसर पर विधायक रजक ने कहा कि राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, विद्यालय तक उनकी सहज एवं सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएँ बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्नति का पहिया योजना विद्यार्थियों के लिए केवल एक साइकिल नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। इससे बच्चों की विद्यालय तक पहुँच आसान होगी। उनमें पढ़ाई में निरंतरता आएगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकेंगे। कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार लगातार जनहितकारी योजनाएँ लागू कर रही है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा, उनके अभिभावक, प्रखंड एवं कल्याण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय गणमान्य उपस्थित थे। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का संकल्प लिया। समारोह उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply