Advertisement

पूर्व विधायक का प्रयास रंग लाया, 11 दिन बाद समझौते के साथ आंदोलन समाप्त

डीसी की अगुवाई में वार्ता, मृतक के दोनों पुत्रों को नियोजन अन्य मांगों पर सहमति

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) कर्मी स्वर्गीय सुभाष चंद्र मोदी के आश्रितों की मांगों को लेकर 11 दिनों से जारी आंदोलन बीते 27 जुलाई को सम्मानजनक समझौते के साथ समाप्त हो गया। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में संपन्न त्रिपक्षीय वार्ता में मृतक कर्मी के दोनों पुत्रों को बोकारो स्टील प्लांट से संबद्ध एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी देने सहित अन्य प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। समझौते के बाद उपायुक्त ने मृतक कर्मी की पत्नी को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया।

ज्ञात हो कि उक्त आंदोलन की सफलता के पीछे गोमिया के पूर्व विधायक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ लम्बोदर महतो की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण रही। आंदोलन के प्रारंभ से ही वे आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़े रहे और लगातार प्रशासन तथा प्रबंधन के समक्ष उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाते रहे। आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और समाधान की दिशा में सकारात्मक माहौल बनाने में उनके प्रयास निर्णायक साबित हुए।

इस सफलता को लेकर 28 जुलाई को पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने कहा कि यह जीत किसी एक या संगठन की नहीं, बल्कि न्याय, संघर्ष और जन एकजुटता की जीत है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य शुरू से ही मृतक कर्मी के परिवार को सम्मानजनक न्याय दिलाना था। लगातार जन दबाव, आंदोलनकारियों की एकता और प्रशासन के साथ सार्थक संवाद के परिणामस्वरूप यह समाधान संभव हो सका।

यह संघर्ष बताता है कि यदि जनहित के मुद्दों पर ईमानदारी से आवाज उठाई जाए तो सकारात्मक परिणाम अवश्य मिलते हैं। कहा कि हम उपायुक्त एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पहल करते हुए समाधान का रास्ता निकाला। डॉ महतो ने कहा कि अब प्रशासन और प्रबंधन को समझौते के सभी बिंदुओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि मृतक कर्मी के परिवार को वास्तविक न्याय मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *