Advertisement

स्व. सतीश कुमार मांझी की पुण्यस्मृति में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत अंतर्गत ग्राम लोदकियारी में स्टूडेंट क्लब की ओर से स्वर्गीय सतीश कुमार मांझी की पुण्य स्मृति में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया गया। फुटबॉल टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने 9 नवंबर को खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय सतीश कुमार मांझी की पुण्य स्मृति में इस तरह के खेल आयोजन करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास का मजबूत माध्यम है। फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेल से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की। कहा कि कई बार गांव की प्रतिभाएं आर्थिक अभाव और उचित अवसर नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पाती हैं। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। कहा कि खेल के मैदान में जाति, धर्म और ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं होता, यहां खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और खेल भावना से पहचान बनाता है।

उन्होंने युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कहा में खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ जीवन में संघर्ष करने, हार से सीखने और जीत के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्टूडेंट क्लब के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्व. मांझी की स्मृति को जीवंत रखने के लिए इस प्रकार का आयोजन वास्तव में एक अच्छी पहल है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *