रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खुदीबेड़ा रहिवासी बेनीलाल महतो पर बीते 4 अक्टूबर को सियार द्वारा किए गए हमले की घटना को लेकर वन बचाओ के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने चिंता जताई है।
उन्होंने घायल बेनीलाल महतो के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए 6 अक्टूबर को कहा कि वन्यजीवों के हमले की घटनाओं को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।
वन बचाओ समिति अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले रहिवासियों का जंगल एवं आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र से सीधा जुड़ाव है।
ऐसे में वन्य जीवों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों को सतर्क करने के साथ-साथ वन विभाग को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा दोनों के बीच संतुलन बनाकर काम किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सियार के हमले में घायल बेनीलाल का सीएचसी कसमार में उपचार कराया गया है तथा उन्हें रेबीज रोधी वैक्सीन दी गई है।
फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति ठीक बताई जा रही है। महतो ने पीड़ित परिवार से घटना से संबंधित सभी चिकित्सकीय एवं आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा नियमानुसार वन विभाग में आवेदन करने की अपील की। कहा कि विभागीय प्रक्रिया के तहत आवश्यक कागजात जमा करने के बाद पात्रता के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने वन विभाग से भी मांग की कि घटना की जानकारी लेकर आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया जाए और ग्रामीणों को सियार अथवा अन्य वन्य जीवों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए।
![]()













Leave a Reply