रूडी वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष व् रोहित सिंह बने सचिव
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार में वॉलीबॉल को नई ऊर्जा मिलने जा रही है। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया अध्यक्ष चुना गया है।
जानकारी के अनुसार बिहार की राजधानी पटना क्लब में 27 सितंबर को संपन्न एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से सांसद रूडी का निर्वाचन किया गया। बैठक में रोहित सिंह को एसोसिएशन का नया सचिव चुना गया।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की गतिविधियों, आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के कैलेंडर, संस्था की आर्थिक स्थिति, बजट और विभिन्न समितियों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में एसोसिएशन ने एथलीट कमीशन के गठन के लिए 2 पुरुष और 2 महिला सदस्यों के चुनाव का भी निर्णय लिया है।
वॉलीबॉल एसोसिएशन का अध्यक्ष चुने जाने के बाद सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार में वॉलीबॉल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिता और मंच देने की। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास वॉलीबॉल गतिविधियों को जिला स्तर तक मजबूत करने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार करने का रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहल से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। बिहार के खिलाड़ियों को इसका अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।
![]()













Leave a Reply