झारखंड से एकमात्र प्रतिभागी विद्यालय रहा डीपीएस चास
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) चास ने इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय पर्यावरण महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया।
महोत्सव का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर फरीदाबाद में डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के 20 विद्यालयों ने हिस्सा लिया। झारखंड से डीपीएस चास एकमात्र प्रतिभागी विद्यालय था।
पर्यावरण जागरूकता, सतत विकास और प्रकृति संरक्षण पर केंद्रित महोत्सव की थीम हरीतिमा थी। डीपीएस चास के विद्यार्थियों ने श्रेणी-3 के ऑनसाइट कार्यक्रम जीवंत परिदृश्य-मूक जीवंत झांकी में प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। झांकी के माध्यम से विद्यार्थियों ने मानव और प्रकृति के बीच संतुलन तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की राशि कुमारी, सारन्या शाही और वर्षा रानी तथा कक्षा सातवीं की कुमारी आकृति ने भाग लिया। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन शिक्षक रणजीत कुमार, संजय कुमार एवं शिक्षिका मिताली मजूमदार ने किया।
विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों की उपलब्धि को डीपीएस चास की गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यपरक शिक्षा का प्रमाण बताया और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। निदेशिका-सह-प्राचार्या डॉ मनीषा तिवारी ने कहा कि पर्यावरण शिक्षा को व्यवहार और अनुभव से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की। डीपीएस मेमोरियल सोसाइटी चास के सचिव सुरेश अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंच विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस उपलब्धि पर डीपीएस चास परिवार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है।
![]()













Leave a Reply