समय पर पहचान से संभव है टीबी का इलाज-स्वास्थ्य विभाग
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के भरपुरा पंचायत भवन में 28 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर टीबी (क्षय रोग) मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल अस्पताल सोनपुर के तत्वावधान में आयोजित शिविर में चिकित्सकों की निगरानी में पंचायत क्षेत्र के रहिवासियों की जांच की गई। डॉक्टर लालजी प्रसाद ने बताया कि शिविर में 52 रहिवासियों की स्क्रीनिंग की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संभावित मरीजों को चिह्नित कर स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार उपचार शुरू किया जाएगा।
आयोजित शिविर में एक्स-रे टेक्नीशियन धीरज कुमार, एएनएम बबली कुमारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, खांसी के साथ बलगम या खून आना, शाम के समय बुखार, रात में पसीना आना, वजन घटना और कमजोरी महसूस होना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राहुल रंजन ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और दवाओं का पूरा कोर्स करने से इसका इलाज पूरी तरह संभव है। उन्होंने मरीजों से नियमित दवा सेवन करने और बीच में उपचार न छोड़ने की अपील की। साथ ही खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने, साफ-सफाई रखने और पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी।
शिविर में फसिलिटेटर जूली कुमारी, एएनएम नूतन कुमारी, ग्रामीण चिकित्सक राजीव कुशवाहा, आशा कार्यकर्ता पूनम कुमारी, प्रेमसुधा कुमारी, ममता कुमारी, किरण कुमारी, मंजू देवी, विभा देवी, आरती कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply